नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार 12 जुलाई को 35 करोड़ पौधों का रोपण करेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में हुई बैठक में निर्देश दिया था कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस अभियान को जनसहभागिता के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाए. इसके तहत केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री अलग-अलग जनपदों में पहुंचकर पौधरोपण करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे. वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी और ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधे लगाएंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी लखनऊ में पौधरोपण करेंगे. वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और राज्यमंत्री केपी मलिक भी मुख्यमंत्री के साथ पौधरोपण महायज्ञ में शामिल होंगे.
पौधरोपण अभियान में केंद्र सरकार के मंत्री भी भागीदारी करेंगे. केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी लखनऊ, जयंत चौधरी बागपत, जितिन प्रसाद पीलीभीत, अनुप्रिया पटेल मीरजापुर, एसपी सिंह बघेल आगरा, कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा, बीएल वर्मा बदायूं और कमलेश पासवान देवरिया में पौधरोपण करेंगे.
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों को भी अलग-अलग जिलों में पहुंचकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत कई मंत्री अपने निर्धारित जिलों में पौधरोपण करेंगे. आयोगों, बोर्ड और निगमों के अध्यक्ष व पदाधिकारी भी जनता के बीच रहकर विभिन्न जनपदों में पौधरोपण महाअभियान में हिस्सा लेंगे.