scorecardresearch
Sunday, 9 August, 2026
होमरिपोर्टबारिश के बीच भोपाल में गूंजा देशभक्ति का संदेश, CM मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ

बारिश के बीच भोपाल में गूंजा देशभक्ति का संदेश, CM मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ

टीटी नगर से निकली तिरंगा यात्रा में सैकड़ों युवाओं ने लिया हिस्सा, CM ने कहा- आजीवन देश की सेवा का लें संकल्प.

Text Size:

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 अगस्त की सुबह देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई. टीटी नगर स्टेडियम से सैकड़ों युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली और राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया. बारिश के बावजूद युवाओं का जोश कम नहीं हुआ और उन्होंने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा लहराकर इस यात्रा का शुभारंभ किया और युवाओं से आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प लेने का आह्वान किया.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से तिरंगा लहराया और युवाओं में जोश भरा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाई जा रही है. मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा लहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी शुभारंभ किया.

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरे देश में अभियान चलाया जा रहा है. महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन की तरह आज सभी राज्यों में देशभक्त नागरिक एक साथ तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं. उन्होंने कहा, “आज इंद्र देवता भी सारे देशभक्तों और वीरों का स्वागत कर रहे हैं. भारत माता की जय.”

तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी. इस आंदोलन ने अंग्रेजों की चूलें हिला दी थीं. देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों के बलिदान, संघर्ष और अहिंसक आंदोलन से देश में ऐसा जनज्वार उठा कि पांच साल बाद अंग्रेज भारत छोड़कर चले गए और देश को आजादी मिली.

उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मिली इस आजादी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस साल 15 अगस्त को 80 साल पूरे होंगे.

share & View comments