लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया. इसके बाद मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में प्रदेशवासियों ने हिस्सा लिया. इस दौरान देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों से माहौल गूंजता रहा.
मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराते बच्चों के साथ सेल्फी ली और उनका उत्साह बढ़ाया. कार्यक्रम स्थल पर वंदे मातरम का सामूहिक गान भी हुआ. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई देते हुए अपील की कि स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर पर तिरंगा फहराएं. उन्होंने कहा कि तिरंगा सादगी, विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा की ओर से क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता जताने के लिए पूरे देश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने भारत की आजादी और स्वतंत्र भारत की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों और सैनिकों को याद किया.
उन्होंने संविधान निर्माताओं राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का भी स्मरण किया.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रतीकों के प्रति सर्वोच्च सम्मान बनाए रखने के लिए राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों को संज्ञेय अपराध की सूची में रखते हुए दंडित करने का निर्णय लिया है.
मुख्यमंत्री ने कहा, “अब यह नहीं हो सकता कि रहेंगे भारत में लेकिन भारत के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत को अपमानित करेंगे.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश में वंदे मातरम का गान हो रहा है. उन्होंने कहा कि आज काकोरी ट्रेन एक्शन का 101वां पर्व भी है. 1925 में इसी दिन पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां ने काकोरी ट्रेन एक्शन को अंजाम देकर ब्रिटिश शासन की चूलें हिला दी थीं.
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता जताने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प है. यह मंत्र देश के हर युवा के लिए प्रेरणा है.
योगी ने कहा कि युवा प्रतिभा और ऊर्जा का प्रतीक है और उसमें देश की हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है. उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच मिलना चाहिए, ताकि वे पारंपरिक पाठ्यक्रम के साथ-साथ देश और समाज की चुनौतियों का सामना करने के लिए खुद को तैयार कर सकें.
उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूरे देश में तिरंगा यात्राओं का शुभारंभ किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने नियमों में बदलाव किया, जिसके बाद अब लोग अपने घरों पर भी तिरंगा फहरा सकते हैं.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय लोगों को घर पर तिरंगा लगाने के लिए न्यायालय का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को अपने घर पर भारत की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे को फहराने की आजादी दी.
इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, ब्रजलाल, संजय सेठ, विधायक नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, मुकेश शर्मा आदि मौजूद रहे.