लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लिए मार्जिन मनी बढ़ाने का ऐलान किया. अब राशन विक्रेताओं को 90 रुपये की जगह 125 रुपये प्रति कुंतल मार्जिन मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्जिन मनी में 35 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिसमें 10 रुपये केंद्र सरकार और 25 रुपये राज्य सरकार दे रही है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मार्जिन मनी में 25 रुपये और बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा है.
सीएम योगी ने 2017 से पहले की व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय गरीबों का राशन कार्ड उनके घर में रख लिया जाता था और गरीब भूख से मरने की स्थिति में पहुंच जाता था. उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को लगातार मुफ्त राशन दिया जा रहा है. निराश्रितों और दिव्यांगों का राशन घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है.
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2 करोड़ परिवारों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन और 1.53 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए गए हैं. राशन की 10 हजार दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों के संचालक सिर्फ राशन वितरण का काम नहीं करते, बल्कि वे सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करते हैं. वे गरीब, निराश्रित और दिव्यांग समेत समाज के जरूरतमंद लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ने में मदद करते हैं.
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले राशन विक्रेता भी परेशान रहते थे. सरकार राशन नहीं भेजती थी, लेकिन लोगों की नाराजगी राशन विक्रेताओं को झेलनी पड़ती थी. उन्होंने कहा कि उस समय की गलत व्यवस्था और भ्रष्टाचार का नुकसान राशन विक्रेताओं को भी उठाना पड़ता था.
सीएम योगी ने कहा कि 2017 में जनता दर्शन में अगर 1,000 शिकायतें आती थीं तो करीब 300 शिकायतें राशन से जुड़ी होती थीं. अब राशन वितरण को लेकर एक भी शिकायत नहीं आती है.
उन्होंने कहा कि सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए 2017 से ई-पॉस मशीनों का इस्तेमाल शुरू किया. इसके साथ ही सिंगल डोर-स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था लागू की गई, जिसके तहत FCI के गोदाम से सीधे फेयरप्राइस शॉप तक राशन पहुंचाया जाता है.