scorecardresearch
Thursday, 1 October, 2026
होमरिपोर्ट‘महानदी जल विवाद जल्द सुलझेगा’, छत्तीसगढ़ CM ने कहा—अमित शाह ने ओडिशा CM के साथ बैठक के लिए बुलाया

‘महानदी जल विवाद जल्द सुलझेगा’, छत्तीसगढ़ CM ने कहा—अमित शाह ने ओडिशा CM के साथ बैठक के लिए बुलाया

विष्णु देव साय ने कहा कि गुरुवार को दिल्ली में अमित शाह की मौजूदगी में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक होगी. उन्होंने कहा कि विवाद सुलझाने के लिए माहौल बन चुका है.

Text Size:

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चला आ रहा महानदी जल विवाद अब जल्द सुलझ सकता है. उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों और केंद्र में अब बीजेपी की सरकार है, जिससे इस मुद्दे को सुलझाने के लिए अच्छा माहौल बना है.

छत्तीसगढ़ के रायपुर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक निकाली गई पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों मुख्यमंत्रियों को गुरुवार को दिल्ली में बैठक के लिए बुलाया है.

साय ने कहा, “दिल्ली में हमारी बैठक है. महानदी के पानी को लेकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सरकारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. लेकिन अब दोनों राज्यों में बीजेपी की सरकार है और केंद्र में भी बीजेपी की सरकार है. ऐसे में एक अच्छा माहौल बना है और यह मुद्दा अब समाधान के करीब है.”

उन्होंने कहा कि बैठक में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे और केंद्रीय गृह मंत्री की मौजूदगी में इस मामले को औपचारिक रूप से सुलझाया जाएगा.

साय ने कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों मुख्यमंत्रियों को कल की बैठक के लिए बुलाया है. मैं जा रहा हूं और ओडिशा के मुख्यमंत्री भी वहां होंगे. दोनों के बीच आपसी सहमति पहले ही बन चुकी है, अब इसे उनकी मौजूदगी में औपचारिक रूप दिया जाएगा. बहुत जल्द यह जल विवाद सुलझ जाएगा.”

इससे पहले 31 अगस्त को महानदी नदी के लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश के तहत छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्य सचिवों और जल संसाधन विभाग के सचिवों ने नई दिल्ली में बैठक की थी. एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, बैठक में लोगों के हित में आपसी सहमति से समाधान निकालने की जरूरत पर जोर दिया गया था.

share & View comments