scorecardresearch
Thursday, 8 October, 2026
होमरिपोर्टहार का ठीकरा EC पर फोड़ने के बजाय कांग्रेस आत्ममंथन करे: मोहन यादव

हार का ठीकरा EC पर फोड़ने के बजाय कांग्रेस आत्ममंथन करे: मोहन यादव

मोहन यादव ने कहा कि जिस चुनाव आयोग की प्रक्रिया के जरिए कांग्रेस को कई राज्यों में सरकार बनाने का मौका मिला, उसी आयोग पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा, “हार में आयोग दोषी और जीत में आयोग सही?”

Text Size:

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर चुनाव आयोग को लगातार निशाना बनाने को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनावी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने के बजाय अपनी पार्टी और नेतृत्व की कमजोरियों पर आत्ममंथन करना चाहिए.

मोहन यादव ने कहा कि जिस चुनाव आयोग की प्रक्रिया के जरिए कांग्रेस को कई राज्यों में सरकार बनाने का मौका मिला, उसी आयोग पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा, “हार में आयोग दोषी और जीत में आयोग सही?”

उन्होंने कहा कि केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार इसी लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रिया से हुए चुनावों के बाद बनी है. ऐसे में अगर चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर ही सवाल हैं, तो केरल में कांग्रेस की जीत का क्या अर्थ है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावों में कांग्रेस की हार के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है. कांग्रेस को यह सोचना चाहिए कि तमिलनाडु में वह लंबे समय से कमजोर क्यों है, पश्चिम बंगाल में दशकों से सत्ता से बाहर क्यों है और उत्तर प्रदेश-बिहार समेत कई राज्यों में उसका जनाधार क्यों कमजोर हुआ है.

उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब चुनाव आयोग को दोष देने में नहीं, बल्कि कांग्रेस के संगठन और नेतृत्व की कमजोरियों पर आत्ममंथन करने में मिलेगा.

मोहन यादव ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यहां चुनाव की पूरी प्रक्रिया संवैधानिक व्यवस्था के तहत चुनाव आयोग के माध्यम से होती है. उन्होंने कहा कि चुनावी हार को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अपनी पार्टी के प्रदर्शन और नेतृत्व का आत्ममंथन करना चाहिए. लगातार मिल रही हार के लिए चुनाव आयोग या अन्य संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराने के बजाय कांग्रेस को अपने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का विश्वास बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के सामने मजबूती के साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे मोदी ने देश का मान-सम्मान बढ़ाया है और प्रधानमंत्री पद की गरिमा स्थापित की है. मोहन यादव ने कहा कि मोदी की लोकप्रियता को कम करने के प्रयास सफल नहीं होंगे. उन्होंने कांग्रेस से अपनी कमजोरियों को स्वीकार कर संगठन मजबूत करने और जनता के बीच विश्वास फिर से बनाने की बात कही.

share & View comments