लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद आई खेल संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि अब मैदान में प्रतिभा, उपलब्धि पर सम्मान और प्रतिभाओं को देश की सेवा का मौका मिल रहा है. उन्होंने 2017 से पहले खिलाड़ियों की अनदेखी और उसके बाद लागू की गई नई खेल नीति का भी जिक्र किया.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि इसी खेल संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र दिए जाएंगे. इनमें 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) शामिल हैं.
योगी ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा के खुल रहे ये रास्ते उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद आए बदलाव की तस्वीर हैं. उन्होंने कहा कि इससे पहले खेल कोटा उपेक्षित था और भर्तियों में प्रतिभा से ज्यादा सिफारिश और पहुंच की चर्चा होती थी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने खेल प्रतिभाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ा है. उन्होंने बताया कि अब तक विभिन्न विभागों में 534 से ज्यादा खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है. वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस में 866 अन्य खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है.
मुख्यमंत्री ने सभी चयनित खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.