नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे वनटांगिया और मुसहर समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई पहल की हैं. इसके तहत 7,000 से अधिक वनटांगिया परिवारों और करीब 30,000 मुसहर परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है.
ब्रिटिश काल से उपेक्षा झेल रहे इन समुदायों के कई परिवार बिजली, पेयजल, पक्के मकान और राशन कार्ड जैसी सुविधाओं से वंचित थे. इनके गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं मिलने से नागरिक और भूमि अधिकारों से जुड़ी समस्याएं भी थीं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इन परिवारों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर स्वरोजगार और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा दिया जा रहा है.
मिशन के निदेशक अरुण कुमार के मुताबिक, इन समुदायों के पारंपरिक हुनर और उत्पादों को व्यावसायिक पहचान दिलाने के प्रयास हो रहे हैं. उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार तक पहुंच बढ़ाकर आय के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं. सरकार का लक्ष्य इन परिवारों को आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ सामाजिक सम्मान और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है.