scorecardresearch
Tuesday, 24 November, 2026
होमरिपोर्टखटीमा के झनकईया मेले में स्नान घाट बनाए जाएंगे, सीएम धामी ने की घोषणा

खटीमा के झनकईया मेले में स्नान घाट बनाए जाएंगे, सीएम धामी ने की घोषणा

कार्तिक पूर्णिमा पर ऐतिहासिक मेले का किया शुभारंभ, शारदा कॉरिडोर के तहत धार्मिक स्थलों का होगा विकास.

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा में ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया. उन्होंने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान उन्होंने शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के समीप पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाट बनाने की घोषणा की.

धामी ने कहा कि यह मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और भारत-नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है. इसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और सीमांत क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं. थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी इसे विशेष पहचान देती है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने के साथ सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है. उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को मेले में स्नान घाट, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य सुविधाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए.

इस दौरान धामी ने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया. मेले में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

share & View comments