scorecardresearch
Saturday, 17 October, 2026
होमरिपोर्टदिवाली से पहले चंबल संभाग में औद्योगिक सम्मेलन, ग्वालियर-चंबल में निवेश बढ़ाने पर जोर

दिवाली से पहले चंबल संभाग में औद्योगिक सम्मेलन, ग्वालियर-चंबल में निवेश बढ़ाने पर जोर

सीएम मोहन यादव ने मुरैना में उद्यमियों से की चर्चा. चंबल एक्सप्रेस-वे के आसपास नए औद्योगिक क्षेत्र बनाने की संभावनाएं तलाशी गईं. ग्लास फैक्ट्री में 1,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव.

Text Size:

भोपाल/मुरैना: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास को गति देने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने घोषणा की कि दिवाली से पहले चंबल संभाग स्तरीय औद्योगिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इससे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में नए उद्योग लगाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी.

मुख्यमंत्री मुरैना में जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए. यहां करीब 20 उद्यमियों से उद्योगों, निवेश, रोजगार, निर्यात और कारोबार के विस्तार पर चर्चा हुई.

सीएम ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में औद्योगिक विकास की काफी संभावनाएं हैं. नए औद्योगिक क्षेत्र और क्लस्टर विकसित करने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा. चंबल एक्सप्रेस-वे के आसपास नए औद्योगिक क्षेत्र बनाने पर भी चर्चा हुई. इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

मुख्यमंत्री ने एजीआई ग्रीन पैक की ग्लास विनिर्माण इकाई की तारीफ की. उन्होंने कहा कि कांच के उद्योग को बढ़ावा देकर प्लास्टिक का इस्तेमाल कम किया जा सकता है. कंपनी को करीब 27 एकड़ जमीन आवंटित की गई है, जहां फैक्ट्री का निर्माण चल रहा है. इस परियोजना में करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है और लगभग 2,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है. कंपनी का मुख्यालय हैदराबाद में है.

सीएम ने बायोरा एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के काम की भी सराहना की. कंपनी फसल के अवशेषों से बायोमास पैलेट्स बनाती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि अपशिष्ट से बायोमास पैलेट्स और बायोचार बनाकर पराली प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है.

सिनोरिया फार्मा के उद्यमी कपिल सत्यवानी ने बताया कि उनकी इकाई का भूमिपूजन 2024 में मुख्यमंत्री ने वर्चुअल तरीके से किया था. यहां चिकित्सा और सर्जरी से जुड़े उपकरण बनाए जाएंगे. निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और दिवाली तक उत्पादन शुरू करने की तैयारी है. इस इकाई में करीब 6 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है.

उद्यमियों ने बताया कि सरकार से मिले सहयोग और विभागों के बीच समन्वय से उनके उद्योगों को आगे बढ़ाने में मदद मिली है. कुछ इकाइयां स्थानीय लोगों को रोजगार देने के साथ अपने उत्पादों का निर्यात भी कर रही हैं.

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पोरसा और सबलगढ़ सहित क्षेत्र के कई स्थानों पर औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने की संभावनाएं हैं. इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार मिल सकेगा.

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाने, निवेश बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए काम कर रही है. कार्यक्रम में बटेश्वर इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, योगराज हेल्थकेयर, एजीआई ग्रीन पैक, फ्यूमा लैब्स, अन्नपूर्णा दाल मिल, बायोरा एनर्जी, सिंघसा मेडीकेयर और सिनोरिया फार्मा सहित कई औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि शामिल हुए.

share & View comments