ग्रेटर नोएडा: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में ‘डॉक्टर ऑन ड्यूटी’ नाम की पोर्टेबल हेल्थ मशीन पेश की गई. करीब 3 लाख रुपये की इस मशीन में एक बूंद खून से कई जांच समेत कुल 75 तरह के टेस्ट करीब 10 मिनट में करने की सुविधा होने का दावा किया गया है.
मशीन से BP, शुगर, ECG, लंग्स फंक्शन के साथ आंख, नाक और कान की जांच भी की जा सकती है. इसे बिजली, बैटरी और सोलर पावर से चलाया जा सकता है और कार में रखकर गांवों और दूर-दराज के इलाकों तक ले जाना संभव है.
स्टार्टअप के मुताबिक, कई जांच बड़े अस्पतालों की तुलना में करीब 10 फीसदी लागत में की जा सकती हैं. मशीन को AI आधारित हेल्थ सिस्टम के रूप में भी विकसित किया गया है, जो भविष्य में होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों की शुरुआती पहचान में मदद कर सकता है.
इस स्टार्टअप को ‘स्टार्ट इन यूपी’ के तहत उत्तर प्रदेश सरकार से 10 लाख रुपये की मदद मिली है.