देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व सैन्य अधिकारी बी. सी. खंडूडी के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बेहद भावुक नजर आए. जनरल खंडूड़ी के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री धामी छत्तीसगढ़ से तुरंत देहरादून लौट आए. बुधवार को उन्होंने हरिद्वार में आयोजित अंतिम संस्कार में भी हिस्सा लिया.
मंगलवार को जब जनरल बीसी खंडूड़ी का निधन हुआ, उस समय मुख्यमंत्री धामी छत्तीसगढ़ के बस्तर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल थे.
शोक समाचार मिलते ही मुख्यमंत्री धामी तुरंत देहरादून के लिए रवाना हुए. यहां पहुंचकर उन्होंने सीधे बसंत विहार स्थित जनरल खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी.
मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रति जनरल खंडूडी के योगदान को नमन करते हुए उत्तराखंड में तीन दिन के राजकीय शोक और एक दिन के अवकाश की घोषणा की. उन्होंने जनरल खंडूड़ी का अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ कराने के निर्देश भी दिए.
बुधवार सुबह मुख्यमंत्री धामी एक बार फिर जनरल बीसी खंडूडी के आवास पहुंचे. वहां उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और अंतिम यात्रा में कंधा भी दिया. इसके बाद वह शव यात्रा के साथ बीजेपी मुख्यालय पहुंचे और फिर हरिद्वार में आयोजित अंतिम संस्कार में शामिल हुए.
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी बेहद भावुक और गमगीन नजर आए.