scorecardresearch
Wednesday, 20 May, 2026
होमदेश‘देश में आने वाला है आर्थिक तूफान’, राहुल गांधी ने PM मोदी और सरकार पर साधा निशाना

‘देश में आने वाला है आर्थिक तूफान’, राहुल गांधी ने PM मोदी और सरकार पर साधा निशाना

रायबरेली में आयोजित बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री पहले लोगों को सोना न खरीदने, विदेश यात्रा न करने और इलेक्ट्रिक वाहन चलाने की सलाह देते हैं, लेकिन उसके तुरंत बाद खुद पांच देशों के दौरे पर निकल जाते हैं.

Text Size:

रायबरेली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने भारत की आर्थिक व्यवस्था बेच दी है. उन्होंने बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों के बीच सरकार द्वारा मितव्ययिता उपायों की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री के विदेश दौरे पर जाने को लेकर भी सवाल उठाए.

रायबरेली में आयोजित बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री पहले लोगों को सोना न खरीदने, विदेश यात्रा न करने और इलेक्ट्रिक वाहन चलाने की सलाह देते हैं, लेकिन उसके तुरंत बाद खुद पांच देशों के दौरे पर निकल जाते हैं.

उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी जनता से कहते हैं—सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, इलेक्ट्रिक वाहन चलाओ. यह सब कहने के तुरंत बाद नरेंद्र मोदी हजारों करोड़ रुपये के विमान में बैठकर विदेश चले जाते हैं और जनता चुपचाप देखती रहती है. इसी बीच देश में आर्थिक तूफान आने वाला है. भारी महंगाई होगी, हर चीज के दाम बढ़ेंगे और खाद की कमी होगी.”

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, “PM नरेंद्र मोदी ने भारत की आर्थिक व्यवस्था बेच दी है. उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था अंबानी, अडानी और अमेरिका को सौंप दी है. अब आर्थिक तूफान आने वाला है और PM नरेंद्र मोदी व भारत सरकार आपको नहीं बचा पाएंगे. बाद में वे रोते हुए कहेंगे कि यह मेरी गलती नहीं है. मैं आपको बता रहा हूं कि गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है, क्योंकि इन्होंने संविधान को नष्ट कर दिया है.”

उन्होंने पेट्रोल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव से पहले सरकार ने भरोसा दिलाया था कि पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे.

उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले कहा गया था कि पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है. पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे. आज जब पेट्रोल महंगा हो रहा है, तब अंबानी भारत से पेट्रोल एक्सपोर्ट कर रहे हैं. अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदते हैं और उसे बाहर बेचते हैं और उसी पैसे से नरेंद्र मोदी को फंडिंग होती है. यही सच है.”

कांग्रेस नेता ने वीर पासी और बी. आर. आंबेडकर की शिक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में हर नागरिक को समान अधिकार मिलने चाहिए और संविधान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है.

उन्होंने कहा, “वीर पासी जी और अंबेडकर जी ने कहा था कि हिंदुस्तान में हर नागरिक बराबर है. हर व्यक्ति को उसकी मेहनत का सही फल मिलना चाहिए और सभी को बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए. यह देश किसी एक जाति या संगठन का नहीं, बल्कि सबका है. देश का संविधान भी यही कहता है. संविधान हिंदुस्तान के लोगों की आवाज है और इसकी रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है.”

राहुल गांधी ने आरएसएस और बीजेपी पर हमला करते हुए कहा, “संविधान कोई साधारण किताब नहीं है. इसकी विचारधारा बाबा साहेब अंबेडकर, महात्मा गांधी और वीर पासी जी के खून में थी. RSS और उसकी विचारधारा बाबा साहेब के संविधान को कुचलती है और उसके टुकड़े-टुकड़े करती है. इसलिए सिर्फ बाबा साहेब की प्रतिमा के सामने सिर झुकाना ही नहीं, बल्कि उनके संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा होना भी जरूरी है.”

इससे पहले राहुल गांधी ने रायबरेली के राही क्षेत्र के लोधवारी में वीर पासी की प्रतिमा का अनावरण किया.

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली में हैं. इससे पहले वह नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात का दौरा कर चुके हैं.

share & View comments