मेरठ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में पूर्व सैनिकों के लिए तीन बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने वीरता पुरस्कार विजेताओं को मिलने वाली एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी दोगुनी करने का ऐलान किया. इसके अलावा पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को मकान खरीदने पर स्टांप शुल्क में छूट की सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने और शहीद के एक आश्रित को उसके गृह जिले या पास के जिले में सरकारी नौकरी देने की घोषणा की.
पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में मुख्यमंत्री ने 27.50 करोड़ रुपये की लागत से आठ जिलों में बने सैनिक कल्याण कार्यालयों का लोकार्पण भी किया. उन्होंने कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, उसकी वर्दी बदलती है, लेकिन देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का संकल्प नहीं. मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 2,685 सैनिकों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है और 2,000 से अधिक जवानों को शौर्य पदक मिले हैं.
योगी ने बताया कि अब तक 150 शहीद परिवारों को 59.50 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है और 2018 से शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था लागू है. सैनिक कल्याण निगम के जरिए करीब 31,700 पूर्व सैनिकों को रोजगार मिला है. उन्होंने कहा कि लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जबकि एके-203 राइफल के ज्यादातर पुर्जे लखनऊ और कानपुर में बनाए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर सैन्य अभियानों और जवानों के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकी हमले करने वालों को जवाब दिया जा रहा है. कार्यक्रम में शहीद परिवारों, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया गया.