भोपाल/टीकमगढ़: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 21 अगस्त को टीकमगढ़ में जन-विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें सुनीं. उन्होंने शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को समय सीमा में शिकायतों का प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए. कार्य में लापरवाही बरतने पर मुख्यमंत्री ने जिला पंजीयक सहकारिता एसके कौशिक को निलंबित करने के निर्देश दिए.
यह कार्रवाई दयाराम लोधी की शिकायत पर की गई. उन्होंने बताया कि उनकी मां स्व. रानीबाई की मृत्यु के बाद सहकारी बैंक की मवई शाखा ने नॉमिनी के खाते में राशि ट्रांसफर नहीं की थी. मामले में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने जिला पंजीयक सहकारिता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी लगातार फील्ड का दौरा करें और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लें. उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर जनता की शिकायतों का तय समय सीमा में प्रभावी तरीके से निराकरण किया जाए. क्षेत्र विशेष से जुड़ी शिकायतों का भी उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिकायतकर्ता महेश प्रसाद लोधी, कमलेश नामूलिया, दयाराम लोधी, कालीचरण सिंह राजपूत और हरिराम विश्वकर्मा से संवाद किया. उन्होंने उनके मामलों की जानकारी ली और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के जल्द निराकरण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, बेहतर काम करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने जिले में विभिन्न शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के वास्तविक स्थान पर संचालन को लेकर भी चर्चा की. उन्होंने इस संबंध में जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, पूर्व राज्य मंत्री एवं जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.