scorecardresearch
Monday, 8 June, 2026
होमरिपोर्टजौनसार-बावर महोत्सव में सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, सड़क, पुल और पेयजल परियोजनाओं को मिली मंजूरी

जौनसार-बावर महोत्सव में सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, सड़क, पुल और पेयजल परियोजनाओं को मिली मंजूरी

चकराता और जौनसार-बावर क्षेत्र के विकास के लिए कई नई योजनाओं का ऐलान, जनजातीय कल्याण और बुनियादी सुविधाओं पर जोर.

Text Size:

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के नागथात स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केदार सिंह स्टेडियम में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं खेलकूद समारोह-2026 में भाग लिया. इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा की.

मुख्यमंत्री ने समरजेंस मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नागथात को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने, चकराता ब्लॉक में यमुना नदी पर 60 मीटर स्पान पुल निर्माण, विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण तथा क्षेत्रीय संपर्क मार्गों के विस्तार की घोषणा की. इसके अलावा चकराता क्षेत्र के कई गांवों के लिए यमुना नदी आधारित पंपिंग पेयजल योजना और नई संपर्क सड़कों के निर्माण का भी ऐलान किया गया.

महासू देवता को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनसार-बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति पिछले 33 वर्षों से इस महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ मेहनती, सरल और स्वाभिमानी लोगों के लिए भी जाना जाता है.

सीएम धामी ने कहा कि रासो की थाप, हारुल की गूंज और बौंद जैसी परंपराएं केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की धरोहर हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समुदायों के सम्मान, शिक्षा और विकास के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं. एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना और प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाओं ने जनजातीय क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाया है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड जनजातीय महोत्सव और वार्षिक जनजातीय खेल महोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति को मंच प्रदान किया है. प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत राज्य के 128 जनजातीय गांवों को समग्र विकास के लिए चिन्हित किया गया है, जहां सड़क, बिजली, पेयजल और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

share & View comments