scorecardresearch
Tuesday, 28 July, 2026
होमरिपोर्टउत्तराखंड में स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा, सीएम धामी ने 11 क्लीन फ्यूल वाहनों को दिखाई हरी झंडी

उत्तराखंड में स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा, सीएम धामी ने 11 क्लीन फ्यूल वाहनों को दिखाई हरी झंडी

परिवहन विभाग ने पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी मंजूरी की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 11 क्लीन फ्यूल आधारित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

Text Size:

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड क्लीन मोबिलिटी ट्रांजिशन पॉलिसी-2024 के तहत छह लाभार्थी वाहन मालिकों को पूंजी अनुदान और प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए.

परिवहन विभाग ने पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी मंजूरी की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 11 क्लीन फ्यूल आधारित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उत्तराखंड में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था बनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है.

उन्होंने कहा कि इस पहल से शहरों में क्लीन फ्यूल आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, डीजल वाहनों से होने वाला प्रदूषण कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौती का सामना कर रही है. ऐसे में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है. उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है, जब वह प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित करे.

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ग्रीन एनर्जी और सतत विकास के क्षेत्र में दुनिया में नई पहचान बना रहा है. उन्होंने 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य, LiFE अभियान, पीएम ई-बस सेवा योजना और सौर समेत अन्य नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने जैसी पहलों का भी जिक्र किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय की गोद में बसे उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है और गंगा-यमुना जैसी जीवनदायिनी नदियों का उद्गम यहीं से होता है. राज्य की जैव विविधता, जंगल, नदियां और पहाड़ी पारिस्थितिकी देश की अमूल्य धरोहर हैं. इसलिए पर्यावरण की रक्षा और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.

उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने उत्तराखंड क्लीन मोबिलिटी ट्रांजिशन पॉलिसी-2024 लागू की है. इस नीति का उद्देश्य शहरों में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाना, पुराने डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करना और CNG व अन्य स्वच्छ ईंधन आधारित परिवहन को बढ़ावा देना है.

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह नीति राज्य में स्वच्छ, सुरक्षित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की मजबूत नींव रखेगी.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में लगातार इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बढ़ा रही है. साथ ही पूरे उत्तराखंड में ईवी चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं, ताकि स्वच्छ परिवहन के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.

धामी ने बताया कि राज्य में रोपवे परियोजनाओं और आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली पर भी तेजी से काम हो रहा है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा, जाम और प्रदूषण कम होगा तथा परिवहन अधिक सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनेगा.

share & View comments