नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक आर्थिक और ऊर्जा संकट के बीच प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से जुड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि ईंधन की खपत कम की जाए और अनावश्यक सोने की खरीद से बचा जाए. मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में 50 प्रतिशत तक वाहनों की कमी की जाए.
उन्होंने वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने और सरकारी बैठकों, सेमिनारों व कार्यशालाओं को वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर जोर दिया. सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे लागू करने तथा जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए.
सीएम ने कहा कि मेट्रो, बस, साइक्लिंग और कार पूलिंग को बढ़ावा दिया जाए. ऊर्जा बचत के लिए कार्यालय समय को बैचों में विभाजित करने और अनावश्यक बिजली उपयोग रोकने पर भी जोर दिया गया.
उन्होंने पर्यटन, स्वदेशी उत्पादों, डेस्टिनेशन वेडिंग, प्राकृतिक खेती और ईवी उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की. खाद्य तेल की खपत कम करने, पीएनजी नेटवर्क विस्तार और सोलर ऊर्जा अपनाने पर भी बल दिया गया.