scorecardresearch
Thursday, 4 June, 2026
होमरिपोर्टविश्व पर्यावरण दिवस पर यूपी में लगेगा 5 करोड़ पौधों का रिकॉर्ड, सीएम योगी करेंगे अभियान का शुभारंभ

विश्व पर्यावरण दिवस पर यूपी में लगेगा 5 करोड़ पौधों का रिकॉर्ड, सीएम योगी करेंगे अभियान का शुभारंभ

वन विभाग के समन्वय में ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान, पंचायती राज और नगर विकास विभाग समेत कई विभाग अभियान में भाग लेंगे. स्कूलों, कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की भी इसमें भागीदारी होगी.

Text Size:

लखनऊ: विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर उत्तर प्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से इस महाअभियान का शुभारंभ करेंगे.

कुकरैल वन क्षेत्र में 200 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे. इस कार्यक्रम में वन मंत्री अरुण सक्सेना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे. इसके बाद प्रदेश के सभी 18 मंडलों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा.

वन विभाग के समन्वय में ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान, पंचायती राज और नगर विकास विभाग समेत कई विभाग अभियान में भाग लेंगे. स्कूलों, कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की भी इसमें भागीदारी होगी.

पौधरोपण के लिए विभागवार लक्ष्य तय किए गए हैं. ग्राम्य विकास विभाग 3 करोड़, कृषि विभाग 75 लाख, वन विभाग 50 लाख, उद्यान विभाग 50 लाख, पंचायती राज विभाग 20 लाख और नगर विकास विभाग 5 लाख पौधे लगाएगा.

सरकार का कहना है कि जनसहभागिता के साथ यह अभियान पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण का उत्सव बनेगा.

share & View comments