देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर विकासखंड के स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण में जाने वाले 68 मेधावी विद्यार्थियों से मुलाकात की. विद्यार्थियों का दल 16 सितंबर को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना होगा.
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी यात्रा और तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का मौका मिलता है. ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान को कक्षा से बाहर ले जाकर उनका नजरिया व्यापक बनाने में मदद करते हैं.
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे भ्रमण के दौरान देश के अलग-अलग क्षेत्रों की विशेषताओं को समझें और वहां की उपलब्धियों से सीखें. साथ ही अपने अनुभव अपने साथियों के साथ साझा करें. उन्होंने कहा कि बड़े और प्रतिष्ठित संस्थानों को देखने का मौका विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है.
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से जीवन में अपना लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत करने और गुरुजनों व माता-पिता के प्रति सम्मान बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इतिहास बनाया है, उन्होंने सामान्य से असामान्य बनने के लिए लगातार प्रयास किया है. अगर संकल्प मजबूत हो और मेहनत सच्चे मन से की जाए तो कोई भी ताकत सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है. इसी दिशा में उत्तराखंड को विकास के अलग-अलग क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि नीति आयोग की सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है. उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना है. प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण फैसले दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए विधायक विनोद कंडारी को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि लगातार 10 साल तक इस तरह का कार्यक्रम चलाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतियोगिता की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं.
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खण्डेलवाल, प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर राकेश मोहन मैठाणी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.