scorecardresearch
Monday, 24 August, 2026
होमरिपोर्टरक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात, 27 से 29 अगस्त तक यूपी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा

रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात, 27 से 29 अगस्त तक यूपी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा

27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की आधी रात तक महिलाएं एक सहयात्री के साथ कर सकेंगी निःशुल्क यात्रा, नगर विकास विभाग की 900 से ज्यादा बसों में भी सुविधा.

Text Size:

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री ने निःशुल्क बस यात्रा की अवधि बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. अब महिलाएं 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी. महिला यात्री अपने साथ एक सहयोगी को भी मुफ्त यात्रा करा सकेंगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनें सुरक्षित और आसानी से अपने घर पहुंच सकें, इसके लिए परिवहन, पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभाग मिलकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें. त्योहार को देखते हुए शहरों, एक्सप्रेसवे, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाए.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के मद्देनजर रविवार को परिवहन निगम और विभाग, नगर विकास, पुलिस, यातायात समेत कई विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की.

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन पर प्रदेश में आसान, सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन एवं यातायात व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए. बड़ी संख्या में माताओं, बहनों और बेटियों के आने-जाने को देखते हुए परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन आपसी तालमेल से सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी करें.

रक्षाबंधन के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग की 900 से ज्यादा बसों में भी मुफ्त यात्रा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. उन्होंने निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों का सत्यापन कराने और महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन 28 अगस्त को है और 25 अगस्त की सुबह से 29 अगस्त की रात तक का समय आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा. 26 अगस्त को अवकाश होने के कारण लंबी दूरी और एक जिले से दूसरे जिले की यात्राओं में बढ़ोतरी की संभावना है. प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं और उनके एक सहयात्री के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की है. इसके साथ अतिरिक्त बसें चलाने की भी तैयारी की गई है.

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ बैठक की जाए. यात्रियों से तय किराया ही लिया जाए, ओवरलोडिंग न हो, यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और यात्री सुविधाओं की उचित व्यवस्था की जाए.

रक्षाबंधन के दौरान चलने वाली टैक्सी और ई-रिक्शा के चालकों का जरूरी सत्यापन कराया जाए. केवल सत्यापित और सक्षम चालकों से ही वाहन चलवाए जाएं.

मुख्यमंत्री ने त्योहार के दौरान प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात व्यवस्था करने के निर्देश दिए. मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे स्थानों पर विशेष इंतजाम किए जाएं.

बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों और शहरों के प्रवेश व निकास मार्गों पर यातायात के दबाव को देखते हुए पहले से कार्ययोजना तैयार रखी जाए.

share & View comments