नई दिल्ली: पूर्व राज्यसभा सांसद और स्तंभकार स्वपन दासगुप्ता, जिन्होंने पश्चिम बंगाल की रासबिहारी विधानसभा सीट 20,500 से अधिक वोटों से जीती थी, को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की कैबिनेट में वित्त मंत्री बनाया गया है. इसकी घोषणा बुधवार को विभागों के बंटवारे के दौरान की गई.
पश्चिम बंगाल सरकार के सभी 41 मंत्रियों को अब विभाग सौंप दिए गए हैं. इनमें 1 जून को शपथ लेने वाले 35 मंत्री भी शामिल हैं. 9 मई को शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत छह मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किया गया है.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास गृह विभाग के अलावा भूमि एवं भूमि सुधार, बिजली, सूचना एवं संस्कृति, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग भी रहेंगे. मोदी सरकार में पूर्व मंत्री रहे निशीथ प्रमाणिक, जिन्होंने उत्तर बंगाल की माथाभांगा सीट से जीत हासिल की थी, को पहले दिए गए उत्तर बंगाल विकास विभाग के अलावा जल संसाधन जांच एवं विकास विभाग भी सौंपा गया है.
शुभेंदु कैबिनेट की सात महिला मंत्रियों में शामिल अग्निमित्रा पॉल अब केवल शहरी विकास और नगर निकाय मामलों का विभाग संभालेंगी. इससे पहले उन्हें महिला विकास विभाग भी दिया गया था.
मालती रावा रॉय को महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, स्वयं सहायता समूह एवं स्वरोजगार विभाग तथा कार्यक्रम निगरानी विभाग का स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री के रूप में जिम्मा दिया गया है.
पश्चिम बंगाल सरकार के 41 मंत्रियों में 19 कैबिनेट मंत्री, तीन स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 19 राज्य मंत्री शामिल हैं.
कैबिनेट मंत्रियों में फालाकाटा सीट से जीतने वाले दीपक बर्मन को स्कूल शिक्षा, आवास विभाग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा वस्त्र विभाग सौंपा गया है.
सूरी विधानसभा सीट से जीतने वाले जगन्नाथ चट्टोपाध्याय उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा मंत्रालय संभालेंगे, जबकि बिधाननगर से जीतने वाले शरदवत मुखर्जी को स्वास्थ्य विभाग दिया गया है.
तपस रॉय को उद्योग, वाणिज्य एवं उद्यम विभाग, सार्वजनिक उपक्रम एवं औद्योगिक पुनर्निर्माण विभाग तथा गैर-पारंपरिक और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत विभाग की जिम्मेदारी दी गई है.
सिलीगुड़ी से जीतने वाले शंकर घोष को संसदीय कार्य और पर्यटन विभाग सौंपा गया है.
मनोज कुमार उरांव वन एवं पर्यावरण विभाग संभालेंगे, जबकि अर्जुन सिंह को श्रम और परिवहन विभाग दिया गया है. गौरी शंकर घोष को पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग तथा जन शिक्षा विस्तार एवं पुस्तकालय सेवा विभाग की जिम्मेदारी मिली है.
कैबिनेट मंत्री अरूप कुमार दास को सिंचाई एवं जलमार्ग विभाग दिया गया है, जबकि अजय कुमार पोद्दार लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और लोक निर्माण विभाग संभालेंगे.
मयूरेश्वर सीट 21,000 से अधिक वोटों से जीतने वाले दूध कुमार मंडल को कृषि विभाग सौंपा गया है.
19 राज्य मंत्रियों में जोयल मुर्मू को जनजातीय विकास विभाग और सिंचाई एवं जलमार्ग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है.
माथाभांगा-नक्सलबाड़ी सीट से एक लाख से अधिक वोटों से जीतने वाले आनंदमय बर्मन को परिवहन विभाग और वित्त विभाग सौंपा गया है.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)