खूंटी (झारखंड), 22 अप्रैल (भाषा) लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष करिया मुंडा खूंटी स्थित अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुंडा की हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।
खूंटी से आठ बार लोकसभा सदस्य रह चुके करिया मुंडा रक्त में शर्करा का स्तर कम होने के कारण बृहस्पतिवार रात को बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पद्म विभूषण से सम्मानित मुंडा को अस्पताल तक ले जाने के लिए एक विशेष कॉरिडोर बनाया गया।
इससे पहले 14 अप्रैल को भी निमोनिया और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण करिया मुंडा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
भाषा रवि कांत पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.