पटना, 14 अप्रैल (भाषा) बिहार के वैशाली में भीम आर्मी के जिला संयोजक राकेश पासवान की कल हुई हत्या के बाद शुक्रवार को उसके अंतिम संस्कार के दौरान दलित सेना के कार्यकर्ताओं ने जिले के लालगंज बाजार इलाके में विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान कथित रूप से यातायात बाधित हुआ, दुकानों में तोड़फोड़ की गई और थाने में घुसने की कोशिश भी हुई।
वैशाली के पुलिस अधीक्षक रवि रंजन कुमार ने स्थिति को अब नियंत्रण में बताते हुए कहा कि इलाके में अशांति पैदा करने वाले आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच जारी है तथा और गिरफ्तारी हो सकती है।
राकेश पासवान, केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी से भी जुड़े थे। केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को पासवान के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे।
राकेश पासवान को उनके घर के ठीक बाहर करीब से उस समय कई गोलियां मारी गईं थी, जब वे बृहस्पतिवार को लालगंज इलाके में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के लिए अपने समर्थकों के साथ जुलूस निकालने की तैयारी कर रहे थे।
इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने शुक्रवार को भीम आर्मी के जिला संयोजक की हत्या की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
भाषा अनवर अर्पणा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.