नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आतंकवादियों और बलात्कारियों को ‘‘बचाने’’ का आरोप लगाया तथा कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य अराजकता के कगार पर है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने संवाददाता सम्मेलन में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा।
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में छापेमारी के दौरान एक पुलिस रिवॉल्वर और विदेश निर्मित आग्नेयास्त्रों सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किया था।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि संदेशखालि में गुंडों ने महिलाओं से उनके मंगलसूत्र लूट लिए, शेख जैसे ‘‘बलात्कारियों’’ को संरक्षण दिया गया और पुलिस के हथियार सहित ऐसे हथियारों की बरामदगी से पता चलता है कि राज्य पुलिस अपराधियों को संरक्षण दे रही है।
तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता शाहजहां शेख पर महिलाओं का उत्पीड़न करने और जमीन हड़पने वाले स्थानीय गुंडों का गिरोह संचालित करने का आरोप है।
भाजपा नेता ने उल्लेख किया कि राज्य सरकार ने जांच को सीबीआई को स्थानांतरित करने के कोलकाता उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का रुख किया है।
शुक्ला ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल अराजकता के कगार पर है क्योंकि सत्तारूढ़ सरकार ने बलात्कार तथा आतंकवाद के आरोपियों का पक्ष लिया है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि बनर्जी ने जांच एजेंसी की छापेमारी पर सवाल उठाए और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हमला करने वालों को कथित तौर पर उचित ठहराया, लेकिन उन्होंने सीबीआई के समर्थन में एक शब्द नहीं कहा।
भाजपा नेता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ‘‘मां, माटी, मानुष’’ के समर्थन में खड़े होने का दावा करती है लेकिन इसके बजाय उसने शेख जैसे अपराधियों को सुरक्षा प्रदान की।
शुक्ला ने संदेशखालि मुद्दे पर चुप्पी के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल दलों की आलोचना करते हुए सवाल किया कि हथियारों की बरामदगी के बाद अब बनर्जी के पास शीर्ष अदालत में अपील करने का क्या कोई नैतिक अधिकार है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने संवाददाता सम्मेलन में जेल में होने के बावजूद अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री बने रहने पर दिल्ली उच्च न्यायालय की आलोचनात्मक टिप्पणी के बाद आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा।
उच्च न्यायालय ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को किताबें नहीं मिलने के मुद्दे पर शुक्रवार को आप नीत सरकार को फटकार लगाई और कहा कि गिरफ्तारी के बाद भी अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने हुए हैं, जो दर्शाता है कि उन्होंने राजनीतिक हित को राष्ट्रीय हित से ऊपर रखा है।
पूनावाला ने कटाक्ष करते हुए कहा कि केजरीवाल ने ‘स्वराज’ की वकालत करने से लेकर शराब घोटाले में गिरफ्तारी तक लंबी यात्रा की है। उन्होंने सवाल किया कि केजरीवाल कब इस्तीफा देंगे और लोगों के भविष्य के साथ खेलना कब बंद करेंगे।
उन्होंने कहा कि इतने वर्षों तक पारिवारिक राजनीति के खिलाफ बोलने के बाद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल को राजनीति में बढ़ावा दे रहे हैं।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.