तिरुवनंतपुरम, 29 अप्रैल (भाषा) केरल के परिवहन मंत्री के बी गणेश कुमार ने तिरुवनंतपुरम की महापौर की शिकायत के बाद केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) के प्रबंध निदेशक से सोमवार को रिपोर्ट मांगी।
तिरुवनंतपुरम की महापौर आर्या राजेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सरकारी बस के चालक ने उनके तथा उनके परिवार के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया है।
इस बीच चालक ने आरोप लगाया है कि बस को सड़क के बीच में रोकने को लेकर महापौर के खिलाफ उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि केएसआरटीसी अधिकारियों ने उन्हें ड्यूटी पर नहीं आने के लिए कहा है।
पलायम जंक्शन पर शनिवार रात महापौर और उनके परिवार की केएसआरटीसी बस चालक के साथ तीखी बहस हो गई। महापौर ने आरोप लगाया कि चालक ने उनकी ओर अश्लील इशारे किये।
उधर छावनी पुलिस ने महापौर का बयान दर्ज कर लिया है।
महापौर ने कहा, ‘मुद्दा कार को रास्ता देने का नहीं था। हमने बस इसलिए रोकी क्योंकि उसने अश्लील इशारे किए।’
पुलिस ने महापौर की शिकायत के आधार पर चालक को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने कहा कि मामला जमानती धाराओं में दर्ज हुआ था जिस कारण उसे छोड़ दिया गया।
चालक ने आरोप लगाया था कि महापौर की गाड़ी ने केएसआरटीसी बस को गलत साइड से ओवरटेक करने की कोशिश की। महापौर के पति केएम सचिव देव विधायक हैं।
भाषा नोमान रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.