नोएडा (उप्र), 25 अप्रैल (भाषा) थाना जारचा क्षेत्र के नूरपुर गांव में सोमवार रात हुए आपसी झगड़े में एक व्यक्ति को उसके पड़ोसी ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना में एक बच्चे के कान के पास भी गोली लगी है।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि नूरपुर गांव में रहने वाले 35 वर्षीय आरिफ की उसके पड़ोस में रहने वाले तैमूर, तस्लीम आदि के साथ किसी बात को लेकर सोमवार की रात को झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हुई। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष ने गोलीबारी की। गोली आरिफ तथा उसके परिवार के एक डेढ़ वर्षीय बच्चे के कान के पास लगी है।
उन्होंने बताया कि दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डाक्टरों ने आरिफ को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि दोनों पक्षों में पूर्व में बच्चों को लेकर आपस में झगड़ा हुआ था। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रहकर मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
