scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशनगालैंड : 2023 के विधानसभा चुनावों में समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन को तैयार एनपीपी

नगालैंड : 2023 के विधानसभा चुनावों में समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन को तैयार एनपीपी

Text Size:

दीमापुर, 15 मई (भाषा) नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) 2023 में नगालैंड में होने वाले विधानसभा चुनावों में समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन करने को तैयार है। एनपीपी के राष्ट्रीय महासचिव एवं नगालैंड, त्रिपुरा और मणिपुर के प्रभारी एम रामेश्वर सिंह ने शनिवार को दीमापुर में एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की।

उन्होंने कहा, ”मेघालय में हमारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन है। नगालैंड में भी हम गठबंधन के लिए तैयार हैं। हमें भाजपा के साथ काम करके बहुत खुशी होगी, क्योंकि वह बहुत सक्रिय पार्टी है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वोत्तर के लिए बहुत चिंतित हैं। इसी कारण ‘एक्ट ईस्ट’ नीति को प्राथमिकता दी गई है।”

सिंह ने कहा कि अगर एनपीपी नगालैंड में राजग की गठबंधन सहयोगी बनती है तो वह सुनिश्चित करेगी कि भाजपा अन्य राज्यों में जो भी सुविधाएं दे रही है, वे नगालैंड को भी मिलें।

उन्होंने कहा कि एनपीपी नेता पार्टी की सोच और लक्ष्य पर विचार-विमर्श करने तथा उसे अमल में लाने के लिए नगालैंड में हैं, जो दिवंगत पीए संगमा और उनके बेटे कोनराड संगमा का सपना है।

सिंह ने कहा, ”हम दिल्ली में राजनीतिक उपस्थिति के मामले में कुछ अलग करना चाहते हैं। हम नगालैंड में शांति और समग्र विकास चाहते हैं। हम आर्थिक विकास के लिए राज्य की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि लाना चाहते हैं।”

यह भरोसा दिलाते हुए कि एनपीपी नगालैंड के लोगों के कल्याण के लिए काम करेगी, सिंह ने कहा कि अगर नगालैंड के लोग हमें सरकार का हिस्सा बनने का मौका देते हैं तो हम बेरोजगारों को सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में रोजगार दिलाने का प्रयास करेंगे।

2018 में नगालैंड में हुए विधानसभा चुनाव में एनपीपी ने दो सीटें जीती थीं, लेकिन उसके दोनों विधायक इम्नातिबा और एल खुमो मार्च 2019 में सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी में शामिल हो गए थे।

भाषा फाल्गुनी पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments