नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दिल्ली का मौसम संबंधी आधार केंद्र समझी जाने वाली सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान बुधवार को 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और 12 मई को इसके 43 डिग्री तक पहुंच जाने की संभावना है।
आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।
नजफगढ़ के स्वचाालित मौसम केंद्र ने अधिकतम तामपान 43.3 डिग्री दर्ज किया। जाफरपुर और मुंगेशपुर के केंद्रों ने अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री दर्ज किया।
रविवार से दिल्ली में एक बार फिर भीषण गर्मी का अनुमान जताया गया था, हालांकि चक्रवात असानी के प्रभाव से चल रही पुरवैया हवाओं ने राष्ट्रीय राजधानी को भीषण गर्मी से बचा लिया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शुक्रवार से लू चलने की संभावना है और पारा 44 डिग्री तक जा सकता है।
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन), महेश पलावत ने कहा, ‘‘पुरवैया हवाओं के बिना तापमान 46-47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया होता।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ पुरवैया हवाओं से बृहस्पतिवार से गर्म एवं शुष्क हवाएं चलेंगी जिससे पारा ऊपर चढ जाएगा।’’ बारिश और तेज हवाओं ने पिछले सप्ताह भीषण गर्मी से कुछ राहत प्रदान की थी।
दिल्ली में मार्च महीने में मौसम गर्म और शुष्क था। मार्च में अनुमान के मुताबिक सामान्य 15.9 मिलीमीटर वर्षा होनी थी जो नहीं हुई। अप्रैल में 12.2 मिलीमीटर के मासिक औसत वर्षा के मुकाबले 0.3 मिलीमीटर बारिश हुई। महीने के अंत में भीषण गर्मी ने दिल्ली के कई हिस्सों में पारा 46 डिग्री और 47 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया था।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
