scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशजद(एस) ने 49 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, देवेगौड़ा की बहू भवानी को टिकट नहीं

जद(एस) ने 49 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, देवेगौड़ा की बहू भवानी को टिकट नहीं

Text Size:

बेंगलुरु, 14 अप्रैल (भाषा) जनता दल (सेक्युलर) ने कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 49 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।

हासन सीट को लेकर जारी अटकलबाजियों को खत्म करते हुए पार्टी ने जद(एस) के संरक्षक और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा की बहू भवानी रेवन्ना की जगह एच. पी. स्वरूप को मैदान में उतारा है। भवानी हासन से चुनाव लड़ने पर जोर दे रही थीं।

हासन सीट विवाद का एक प्रमुख मुद्दा बन गई थी, क्योंकि भवानी ने आखिरी समय तक इस सीट पर अपना दावा छोड़ने से इनकार कर दिया। हालांकि, जद(एस) नेता एच डी कुमारस्वामी ने बार-बार स्पष्ट किया था कि उन्हें इस सीट से नहीं उतारा जाएगा। कुमारस्वामी ने कहा था कि किसी ‘‘वफादार पार्टी कार्यकर्ता’’ को इस सीट पर उतारा जाएगा।

हासन जिला पंचायत की पूर्व सदस्य भवानी रेवन्ना, कुमारस्वामी के बड़े भाई एच डी रेवन्ना की पत्नी हैं। भवानी को अपने पति के साथ-साथ अपने बेटों प्रज्वल रेवन्ना और सूरज रेवन्ना का समर्थन प्राप्त था। प्रज्वल लोकसभा में हासन सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि सूरज विधान पार्षद हैं।

अपने भाई रेवन्ना के साथ मौजूद कुमारस्वामी ने हासन सीट से उम्मीदवार के रूप में स्वरूप के नाम की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘रेवन्ना और भवानी की सहमति तथा एच डी देवेगौड़ा के आशीर्वाद से नाम को अंतिम रूप दिया गया है।’’

सूची में शामिल अन्य नामों में मौजूदा विधायक एच. डी. रेवन्ना (होलेनरसीपुरा), के. एस. लिंगेश (बेलूर), एच. के. कुमारस्वामी (सकलेशपुर) और सी. एन. बालकृष्ण (श्रवणबेलगोला) शामिल हैं।

वाई. एस. वी. दत्ता को कडूर से मैदान में उतारा गया है। दत्ता ने जद(एस) छोड़ दिया था और कांग्रेस में शामिल हो गए थे, लेकिन हाल में टिकट से इनकार किए जाने के बाद पार्टी में लौट आए। हाल में जद(एस) में शामिल हुए पूर्व मंत्री ए. मंजू को अरकलागुडु से मैदान में उतारा गया है। वह पहले कांग्रेस और भाजपा, दोनों में रह चुके हैं।

जद(एस) ने दिसंबर में 93 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची की घोषणा की थी।

भाषा आशीष सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments