scorecardresearch
Monday, 30 September, 2024
होमदेशकांग्रेस दंगों को बढ़ावा दे रही, विधानसभा चुनावों से पहले अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही : भाजपा

कांग्रेस दंगों को बढ़ावा दे रही, विधानसभा चुनावों से पहले अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही : भाजपा

Text Size:

बेंगलुरु, 23 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने शनिवार को विपक्षी दल कांग्रेस पर दंगों को बढ़ावा देने और राज्य में विधानसभा चुनावों से पहले अराजकता की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया तथा उसे ‘भ्रष्टाचार की गंगोत्री’ करार दिया।

उन्होंने राज्य में साम्प्रदायिक झड़प और दंगे रोकने के लिए कड़े कानून बनाने तथा इन हिंसक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की संपत्ति जब्त करने की भी वकालत की।

राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। राज्य में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा नेताओं का तीन दल पूरे राज्य का दौरा कर रहा है।

कतील ने पत्रकारों से कहा, ‘‘कांग्रेस राज्य के लोगों को भ्रमित कर रही है और सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। विपक्षी दल होने के नाते उसे सरकार की जन-विरोधी नीतियों का विरोध करने और उसे चेतावनी देने का अधिकार है, लेकिन वह साम्प्रदायिक हिंसा भड़काने में शामिल है।’’

बेंगलुरु के डीजे हल्ली, शिवमोगा और हुबली में हुई हिंसाओं में कथित भूमिका तथा हिजाब विवाद पर विपक्षी दल के रुख को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कतील ने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद वह (कांग्रेस) गलत तरीकों से वापसी करना चाहती है।

कतील ने कहा, ‘‘कांग्रेस का इस देश में दो योगदान है, एक उसने आतंकवाद को बढ़ावा दिया है–भिंडरावाला को किसने बनाया; दाउद इब्राहीम को किसने दुबई भागने दिया?… इसी मानसकिता के साथ वे दंगे भड़काना और अराजकता फैलाना चाहते हैं।’’

उन्होंने कांग्रेस का दूसरा बड़ा योगदान ‘भ्रष्टाचार’ बताया। उन्होंने कहा कि नेहरू से मनमोहन सिंह तक उसके शासनकाल में चार लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए और सिर्फ लाल बहादुर शास्त्री के दामन पर एक भी दाग नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह कांग्रेस भ्रष्टाचार की गंगोत्री है। ’’

भाषा अर्पणा सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments