भुवनेश्वर, एक मई (भाषा) ओडिशा सरकार ने रविवार को कहा कि वह राज्य के स्कूलों में सोमवार से सुबह के समय कक्षाएं आयोजित करने के अपने पुराने फैसले को लागू करेगी। इसके तहत सुबह छह से नौ बजे तक कक्षाओं का संचालन होगा।
स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव बी पी सेठी ने कहा कि सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि को कम करने का फैसला किया है ताकि छात्रों को कोविड महामारी के कारण हुए पढ़ाई के नुकसान की भरपायी करने का अवसर मिल सके।
सेठी ने एक बयान में कहा, ”मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, ओडिशा में मई के दौरान किसी भी स्थान पर सुबह 8:30 बजे तापमान करीब 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि सुबह नौ बजे तक पारा 35 डिग्री के पार नहीं जाएगा।”
उन्होंने कहा, ” हमने स्कूलों से कहा है कि वे खाना देने के बाद सुबह नौ बजे तक स्कूल बंद कर दें। सुबह की कक्षाएं छह बजे से शुरू होंगी।”
सेठी ने कहा कि भीषण गर्मी के चलते पांच दिन के अंतराल के बाद सोमवार से स्कूलों में सुबह छह से नौ बजे तक कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
