scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशआतंकियों से संबंध के मामले में दो संदिग्ध करनाल से गिरफ्तार

आतंकियों से संबंध के मामले में दो संदिग्ध करनाल से गिरफ्तार

Text Size:

फिरोजपुर, छह मई (भाषा) पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को हरियाणा के करनाल में विस्फोटकों के साथ गिरफ्तार किए गए पाकिस्तान से जुड़े चार संदिग्ध आतंकवादियों के दो कथित साथियों को पकड़ने का दावा किया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान पीरके गांव निवासी आकाशदीप सिंह उर्फ ​​आकाश (25) और फरीदकोट निवासी जशनप्रीत सिंह उर्फ ​​जस (19) के रूप में हुई है।

फिरोजपुर के एसएसपी चरणजीत सिंह ने कहा कि आकाशदीप गुरप्रीत के साथ चालक के रूप में काम करता था, जो बृहस्पतिवार को तेलंगाना जाते समय गिरफ्तार किए गए चार संदिग्ध आतंकवादियों में से एक था।

एसएसपी ने बताया, ”ऐसा संदेह है कि उसने अपने वाहनों का उपयोग करके विभिन्न स्थानों पर विस्फोटक और आग्नेयास्त्रों की कुछ खेप पहुंचाई। आकाश कुछ समय पहले गुरप्रीत के संपर्क में आया, जिसने उसे पैसे का लालच दिया।”

फिरोजपुर के एसएसपी ने कहा, गुरप्रीत पहले से ही पाकिस्तान स्थित बब्बर खालसा अंतर्राष्ट्रीय आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ ​​रिंडा के संपर्क में था। रिंडा ड्रोन की मदद से आरोपियों को हथियार और विस्फोटक भेजता था।

उन्होंने बताया, आकाश यहां बूटेवाला गांव में एक खेत से रिंडा द्वारा भेजी गई खेप को उठाता था। एसएसपी ने कहा, ”आकाश और रिंडा टेली-कॉलिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मदद से एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। बाद में वे खेप को किसी और जगह पहुंचा देते थे।”

एसएसपी ने बताया आरोपियों पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 और शस्त्र अधिनियम की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एक आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करते हुए, विस्फोटक पहुंचाने के लिए तेलंगाना जा रहे चार संदिग्ध आतंकवादियों को बृहस्पतिवार को हरियाणा के करनाल में पकड़ा गया था और उनके पास से हथियार, गोला-बारूद और आईईडी बरामद किए गए थे।

हरियाणा पुलिस के चार वाहनों द्वारा उन्हें रोके जाने के बाद बस्तर टोल प्लाजा के पास चारों (पंजाब के सभी निवासी) को पकड़ लिया गया।

चारों की पहचान लुधियाना के भाटियान गांव के भूपिंदर सिंह, फिरोजपुर के जीरा के विनिजोक गांव के गुरप्रीत सिंह, परमिंदर सिंह और अमनदीप सिंह के तौर पर की गई है जो तेलंगाना के आदिलाबाद जा रहे थे।

भाषा फाल्गुनी माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments