scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशजिला परिषद चुनाव : शिवसेना विधायक ने नाबालिग बेटे की मौजूदगी में किया मतदान, तीन निलंबित

जिला परिषद चुनाव : शिवसेना विधायक ने नाबालिग बेटे की मौजूदगी में किया मतदान, तीन निलंबित

Text Size:

छत्रपति संभाजीनगर, आठ फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर जिले के पैठण तालुका में जिला परिषद चुनाव के दौरान शिवसेना विधायक विलास भुमरे द्वारा अपने नाबालिग बेटे की मौजूदगी में मतदान करने के मामले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति की चुनाव ड्यूटी पर तैनात तीन लोगों को रविवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक मतदान प्रक्रिया से जुड़ी गोपनीयता और अन्य मानदंडों का उल्लंघन होने के कारण इस संबंध में कार्रवाई की गयी है।

अधिकारियों के मुताबिक यह घटना शनिवार को पैठण तालुका के पचोद बूथ में घटी, जिसमें भूमरे और उनके बेटे दोनों की उंगलियों पर स्याही के निशान लगाए गए थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद जिलाधिकारी दिलीप स्वामी ने जांच के आदेश दिए।

जिला प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक मतदान केंद्र 58/7 के प्रमुख दिलीप नरवाडे, बूथ अधिकारी संगीता केदार और होमगार्ड रेणुका बॉम्बले को घटना की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत होने तक निलंबित कर दिया गया है।

इसमें कहा गया है कि नरवाडे और केदार स्कूल शिक्षक हैं जिन्हें चुनाव ड्यूटी के लिए नियुक्त किया गया था।

पैठण से विधायक भूमरे ने पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर इस घटना को नजरअंदाज किया।

भूमरे ने दावा किया, ‘‘ वोट डालने के बाद जब मेरी उंगली पर स्याही लग रही थी, तो मेरे बेटे ने भी अपनी उंगली पर स्याही लगवाने की जिद की। वो छोटा है। वो ईवीएम और उसके बटनों के बारे में कैसे समझेगा? वो छोटा है और केवल मेरे साथ आया था।’’

इससे पहले, जिलाधिकारी स्वामी ने कहा था कि वायरल वीडियो और मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसकी जांच के आदेश दिए हैं।

स्वामी ने कहा था कि पैठण तालुका के संबंधित अधिकारी को घटनाक्रम का विस्तृत विवरण देने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने नियमों के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

भुमरे (40) पैठण से पांच बार विधायक रहे शिवसेना नेता संदीपनराव भुमरे के बेटे हैं। संदीपनराव भुमरे वर्तमान में छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) से लोकसभा सांसद हैं।

इसी तरह की एक घटना उसी दिन सोलापुर में भी घटी।

अकलुज के यशवंत नगर स्थित एक मतदान केंद्र के अंदर उम्मीदवार अर्जुन सिंह मोहिते पाटिल के बेटे को उनके बगल में खड़े होकर ईवीएम का बटन दबाते हुए देखा गया।

पाटिल ने बाद में दावा किया कि उनका बेटा केवल यह देखना चाहता था कि वोट कैसे डाला जाता है।

भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments