scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशवाईएसआरसीपी ने आंध्र प्रदेश में घर तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था खत्म करने की आलोचना की

वाईएसआरसीपी ने आंध्र प्रदेश में घर तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था खत्म करने की आलोचना की

Text Size:

तणुकु (आंध्रप्रदेश), दो जून (भाषा) वाईएसआरसीपी नेता के वी नागेश्वर राव ने सोमवार को आंध्र प्रदेश में एमडीयू वाहनों के माध्यम से घर तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था को खत्म कर एक जून से उचित मूल्य की दुकानों के जरिये उसकी (राशन की) आपूर्ति की पुरानी व्यवस्था पर लौटने को लेकर राज्य की तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की निंदा की।

पूर्व नागरिक आपूर्ति मंत्री राव ने आरोप लगाया कि पुरानी व्यवस्था को खत्म करने से महिलाएं, गर्भवती महिलाएं और आदिवासी परिवार प्रभावित होंगे।

राव ने प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘(मुख्यमंत्री चंद्रबाबू) नायडू लोगों को लाभ पहुंचाने वाली पहल को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। एमडीयू को खत्म करना पीठ में छुरा घोंपना है।’’

हाल में, एन चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछली वाईएसआरसीपी सरकार द्वारा चलाये गये एमडीयू वाहनों के माध्यम से घर तक राशन पहुंचाने के प्रबंध को खत्म कर दिया।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि पुरानी राशन प्रणाली के तहत सर्वर फेल हो जाता था, लंबी कतारें लगती थीं और गर्मी से मौतें होती थीं।

उन्होंने दावा किया कि अनंतपुर जिले में 70 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।

राव ने वाहन से राशन वितरण संबंधी व्यवस्था में भ्रष्टाचार के आरोप को लेकर नायडू से सबूत मांगे।

उन्होंने कहा कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार में गुणवत्तापूर्ण राशन आपूर्ति की जाती थी और डीलर को अधिक कमीशन मिलता था।

उन्होंने कहा कि यह योजना एक जन-केंद्रित थी, जिसे ‘प्रतिशोध’ के चलते खत्म कर दिया गया।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments