बलिया (उप्र), 29 जून (भाषा) बलिया शहर कोतवाली पुलिस ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा के कथित गबन को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दुबहड़ थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी विवेक कुमार पाठक की तहरीर पर शहर कोतवाली क्षेत्र के परमंदापुर मोहल्ला निवासी इरशाद अली (28) के खिलाफ रविवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि आरोपी ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन को लेकर ‘फेसबुक’ पर आपत्तिजनक पोस्ट की थी।
तहरीर के अनुसार, आरोपी ने करोड़ों लोगों की भगवान राम के प्रति आस्था को लेकर गलत धारणा पैदा करने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और नफरत फैलाने की नीयत से यह पोस्ट किया था।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द वैभव खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.