नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) दिल्ली में पुरानी रंजिश के कारण एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में 20 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पूठ खुर्द के निवासी निखिल के रूप में हुई है जिसे रोहिणी के सेक्टर-34 से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब आठ मार्च को बावना थाने में पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना दी गयी थी कि सुल्तानपुर डबास रोड के पूठ खुर्द में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां एक स्कूटी के पास गोली लगने से घायल एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला, जिसे अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान भूपेंद्र के रूप में हुई है।
इसके बाद पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी निखिल ने बताया कि घटना के दिन वह अपने साथियों– देवराज, सुमित और एक नाबालिग के साथ पूठ खुर्द स्थित राज वाटिका गया था जहां उसने और देवराज ने भूपेंद्र पर गोली चलाई थी।
पुलिस के मुताबिक, देवराज और भूपेंद्र के बीच बहुत समय पहले से विवाद चल रहा था तथा यह हमला बदला लेने के लिए किया गया था।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है जबकि देवराज और सुमित फिलहाल फरार हैं।
पुलिस के अनुसार देवराज एवं सुमित की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि निखिल ने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और वह पूठ खुर्द गांव में पला-बढ़ा है। उसके पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं।
भाषा
प्रचेता राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
