नोएडा (उप्र), तीन जून (भाषा) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा देने आए एक युवक को पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
ईकोटेक- 3 थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सीआईएसएफ के उपकमांडेंट नरेश जोशी ने पुलिस को सूचना दी है कि रवींद्र सिंह ग्रेटर नोएडा स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की कांस्टेबल की चल रही भर्ती में शारीरिक परीक्षा देने आया था लेकिन जब फोटो तथा बायोमेट्रिक का मिलान किया गया तो पता चला कि जिस व्यक्ति ने लिखित परीक्षा दी थी वह कोई और था, और शारीरिक परीक्षा देना आया व्यक्ती कोई और है। रवींद्र मध्यप्रदेश के जबलपुर का रहने वाला है।
थाना प्रभारी ने बताया कि रवींद्र के पास से पुलिस ने शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, एडमिट कार्ड, उपस्थित प्रपत्र, आधार कार्ड आदि बरामद किया है। उन्होने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि लिखित परीक्षा किसी और व्यक्ति ने दी थी, जबकि शारीरिक परीक्षा देने वह खुद आया था।
भाषा सं राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.