जयपुर, 13 मार्च (भाषा) जैसलमेर शहर में 25 साल की एक युवती ने शुक्रवार को कथित तौर पर अपने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार युवती रेखा शहर की आरपी कॉलोनी में रहती थी और 15 दिन पहले उसकी सगाई हुई थी जबकि 19 अप्रैल को शादी होनी थी।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय वह घर पर अकेली थी, माता-पिता किसी काम से बाड़मेर गए हुए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘ माता-पिता जब दोपहर में लौटे, तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाज़ा अंदर से बंद है। बार-बार दरवाज़ा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। युवती के मोबाइल फ़ोन पर किए गए कॉल का भी कोई जवाब नहीं आया।’
पुलिस ने कहा कि अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने मदद के लिए पड़ोसियों को बुलाया और दरवाजा तोड़ दिया, कमरे में छत के पंखे से युवती का शव लटका हुआ मिला।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
