scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशयोग दिवस: राज्यपाल, केंद्रीय मंत्रियों ने केरल में योग आसन किए

योग दिवस: राज्यपाल, केंद्रीय मंत्रियों ने केरल में योग आसन किए

Text Size:

तिरुवनंतपुरम/कोच्चि, 21 जून (भाषा) केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और केंद्रीय मंत्रियों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग आसन किए और राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कार्यक्रमों का नेतृत्व किया।

खान ने अपने आधिकारिक निवास- राजभवन में केरल क्षेत्र के नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का उद्घाटन किया।

राज्यपाल ने लोगों के एक समूह के साथ श्वास संबंधी व्यायाम किया और अन्य आसन किए।

इस बीच, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन ने यहां श्री पद्मनाभ स्वामी मंदिर में योगाभ्यास कार्यक्रम का नेतृत्व किया जबकि सड़क परिवहन और राजमार्ग और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वी के सिंह ने फोर्ट कोच्चि में सेंट फ्रांसिस चर्च के पास परेड ग्राउंड में कार्यक्रम में भाग लिया।

केंद्र सरकार ने निर्णय लिया था कि आज़ादी का अमृत महोत्सव के तहत 75 प्रतिष्ठित स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मानाया जाएगा जिसके बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने दक्षिणी राज्य में कार्यक्रम का आयोजन किया था।

मुरलीधरन ने ऐतिहासिक पद्मनाभ स्वामी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने कहा, “ मुझे विश्वास है कि मंदिर में योगाभ्यास में भाग लेने वाले सैकड़ों लोगों का अनुभव निश्चित रूप से बहुत ही यादगार रहा होगा।”

वहीं सिंह ने सभी से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट इसका अभ्यास करने का आग्रह किया।

राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज समेत अन्य मंत्रियों ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

राज्य की राजधानी के चंद्रशेखरन नायर स्टेडियम में केरल पुलिस के योग दिवस कार्यक्रम में पुलिस प्रमुख अनिल कांत और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘मानवता के लिए योग’ है।

इस बीच मुख्यमंत्री पी विजयन ने योग दिवस के मौके पर संदेश में कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए नियमित व्यायाम और स्वास्थ खान-पान की अदात जरूरी है।

उन्होंने कहा कि योग मन और शरीर दोनों को ऊर्जा प्रदान कर सकता है।

योग दिवस के मौके पर राज्य में आयोजित हुए अलग अलग कार्यक्रमों में कॉलेजों के छात्रों, योग प्रशिक्षकों, जन प्रतिनिधियों और राज्य और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी तबकों के लोगों ने हिस्सा लिया।

भाषा

नोमान माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments