नोएडा/नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के नोएडा फेज-2 के होजरी कॉम्प्लेक्स में मजदूरों का सैलरी बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन सोमवार को हिंसक हो गया. प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने कथित तौर पर गाड़ियों और संपत्ति में तोड़फोड़ की, पुलिस के साथ झड़प में पथराव भी हुआ और एक कार को आग के हवाले कर दिया गया.
स्थिति को काबू में करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. बड़ी संख्या में मजदूर वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर इकट्ठा हुए थे.
प्रदर्शन का असर ट्रैफिक पर भी पड़ा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, चिल्ला बॉर्डर से नोएडा लिंक रोड पूरी तरह जाम हो गया, जिससे नोएडा की ओर जाने वाला ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ. लोगों को DND, सराय काले खां और NH-24 के जरिए वैकल्पिक रास्ते अपनाने की सलाह दी गई है.
इससे पहले रविवार को नोएडा की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर ओवरटाइम के डबल पेमेंट, बोनस, साप्ताहिक अवकाश और वर्कप्लेस सेफ्टी जैसे मुद्दों पर चर्चा की थी. उन्होंने मजदूरों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील भी की थी.
फिलहाल मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है.
