scorecardresearch
Saturday, 29 March, 2025
होमदेशओडिशा में महिलाओं की सुरक्षा मजाक बन गई है: खेड़ा

ओडिशा में महिलाओं की सुरक्षा मजाक बन गई है: खेड़ा

Text Size:

भुवनेश्वर, 28 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को दावा किया कि ओडिशा में महिलाओं की सुरक्षा एक ‘मजाक’ बन गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजू जनता दल (बीजद) की पिछली और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वर्तमान सरकार के दौरान राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि का कोई अंत नहीं है।

खेड़ा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने यहां संवाददाता सम्मेलन में राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि की जांच के लिए सदन समिति की घोषणा नहीं करने के लिए भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस विधायकों ने नौ महीने पहले भाजपा के सत्ता में आने के बाद राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध में कथित वृद्धि की जांच के लिए सदन की एक समिति के गठन की मांग को लेकर पिछले कुछ दिनों में विधानसभा में हंगामा किया था। विधानसभा अध्यक्ष ने 25 और 26 मार्च को दो चरण में पार्टी के सभी 14 विधायकों को सात दिन के लिए निलंबित कर दिया।

खेड़ा ने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाने पर कांग्रेस विधायकों को विधानसभा से निलंबित कर दिया गया, जबकि राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजद चुप रही।

उन्होंने कहा, “ऐसा इसलिए है क्योंकि बीजद शासन के दौरान जब राज्य से महिलाएं गायब हुई थीं, तब भाजपा के लोग भी चुप थे। अब बीजद इस मुद्दे पर चुप है, जबकि कांग्रेस अकेले ओडिशा में महिलाओं की सुरक्षा के लिए लड़ रही है।”

खेड़ा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “ओडिशा में महिला सुरक्षा एक बड़ा मजाक बन गई है, क्योंकि हजारों महिलाएं और लड़कियां सालों से लापता हैं, जबकि सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ (केंद्रीय योजना) को बढ़ावा देने का दावा करती है।”

भाषा जोहेब देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments