scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशमहिलाओं का सशक्तीकरण देश की प्रगति के लिए आवश्यक: भजनलाल

महिलाओं का सशक्तीकरण देश की प्रगति के लिए आवश्यक: भजनलाल

Text Size:

जयपुर, आठ मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि महिलाएं समाज का मुख्य आधार हैं और उनका सशक्तीकरण देश की प्रगति के लिए आवश्यक है।

शर्मा ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देना जरूरी है।

शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हनुमानगढ़ में आयोजित एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एक प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए महिलाओं के अधिकार, गरिमा और समान अवसरों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को केंद्र में रखकर बनाई गई नीतियों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा, “स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन मुहैया कराये जाने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 70 प्रतिशत से अधिक घर महिलाओं के नाम या संयुक्त रूप से पंजीकृत किए गए हैं। इन पहलों ने समाज में महिलाओं की स्थिति को मजबूत किया है।”

शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने 16 लाख से अधिक “लखपति दीदी” बनाई हैं और 1.39 लाख स्वयं सहायता समूहों को 679 करोड़ रुपये की आजीविका सहायता दी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना के तहत 19 लाख से अधिक महिला पेंशन भोगियों को 6,876 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 27,000 से अधिक लड़कियों के विवाह के लिए लगभग 101 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संतुलित क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 2026 के बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीगंगानगर–हनुमानगढ़ क्षेत्र के किसानों को गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 150 रुपये अतिरिक्त बोनस का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा लाडो प्रोत्साहन योजना पोर्टल की शुरुआत की।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री शर्मा ने महिलाओं से जुड़ी योजनाओं की प्रदर्शनी का दौरा किया और लाभार्थियों से बातचीत की। उन्होंने दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और सुनने में मदद करने वाले उपकरण भी वितरित किए।

कार्यक्रम स्थल और प्रदर्शनी में सुरक्षा व्यवस्था महिला पुलिसकर्मियों ने संभाली।

कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि विभिन्न जिलों की महिलाएं डिजिटल तरीके से जुड़ीं।

भाषा बाकोलिया अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments