scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमदेशमुख्यमंत्री पटनायक की सभा में प्रवेश करने से पहले महिलाओं से काले रंग के कपड़े जमा कराए गए

मुख्यमंत्री पटनायक की सभा में प्रवेश करने से पहले महिलाओं से काले रंग के कपड़े जमा कराए गए

Text Size:

बालेश्वर (ओडिशा), 22 दिसंबर (भाषा) ओडिशा के बालेश्वर में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की सभा में लोगों को काले रंग के कपड़े पहनकर जाने की इजाजत नहीं दी गई। पुलिस ने उनसे काले कपड़े कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार पर ही जमा करा लिए।

महिलाओं को काले रंग की अपनी शॉल, स्वेटर और यहां तक कि दुप्पटे भी कार्यक्रम स्थल पर काउंटर पर जमा कराने पड़े। पुरुषों को अपने काले रंग के कोट, स्वेटर एवं हेलमेट जमा कराने पड़े।

इसका कारण पूछने पर राज्य सशस्त्र पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर काले झंडा दिखाकर प्रदर्शन करने की आशंका थी।

इस आदेश ने सभा में कई लोगों को नाराज़ किया। स्थानीय निवासी सबिता बेहरा ने कहा, “ यह हैरान करने वाला है। सभा स्थल के बाहर महिलाओं द्वारा पहने काले रंग के कपड़े जमा कराने के लिए कहना अपमानजनक है। हम सभी नवीन पटनायक के समर्थक हैं।”

साठ वर्षीय रघुनाथ साहू से जब सुरक्षाकर्मियों ने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने से पहले उनसे काले रंग का कोट उतारने को कहा तो उन्होंने इस पर नाखुशी जाहिर की।

इस बीच, पटनायक के यहां पहुंचने से पहले स्थानीय पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शहर इकाई के अध्यक्ष उमाकांत महापात्रा सहित पार्टी के कई नेताओं को एहतियातन हिरासत में ले लिया।

एक अन्य घटना में, एक दिव्यांग युवक बालासोर में मुख्यमंत्री के काफिले के आगे कूद गया।

पटनायक के यहां पहुंचते ही युवक उनका सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए अचानक से मुख्यमंत्री के काफिले के सामने आ गया। सुरक्षा कर्मियों ने उसे तत्काल वहां से हटाया।

युवक की मंशा के बारे में फौरन पता नहीं चल सका है, लेकिन उसे राज्य सरकार की भवन योजना के तहत आवास और एक नौकरी की मांग करते सुना गया।

भाषा नोमान राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments