scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमदेशरेखा आर्य के पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना

रेखा आर्य के पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना

Text Size:

देहरादून, 12 जनवरी (भाषा) बिहार की महिलाओं के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को यहां एक पुलिस थाने में धरना दिया।

कांग्रेस की प्रदेश महिला इकाई की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में मुकदमा दर्ज कराने पहुंचीं कार्यकर्ता कड़कड़ाती सर्दी के बावजूद देर रात तक डालनवाला थाने में ही डटी हुई हैं।

रौतेला ने कहा कि साहू ने विवाह के लिए ‘‘बिहार की महिलाओं के 20-25 हजार रुपये में मिलने’’ की बात कहकर केवल बिहार की ही नहीं बल्कि पूरे देश की महिलाओं का अपमान किया है ।

उन्होंने साहू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग की ।

रौतेला ने आरोप लगाया कि उन्होंने साहू के खिलाफ थाने में आकर दो जनवरी को अपनी तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने अभी तक उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया है ।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी महिला कांग्रेस के धरने को समर्थन देने के लिए थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की यह मांग न्यायसंगत है और साहू के खिलाफ जीरो प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए ।

गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में अल्मोड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में साहू ने कथित रूप से यह बयान दिया था। बाद में साहू ने अपने बयान के लिए माफी भी मांगी थी ।

भाषा दीप्ति सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments