scorecardresearch
शुक्रवार, 6 जून, 2025
होमदेशमहिला कलाकारों ने 100 मधुबनी पेंटिंग में पूरी रामायण चित्रित की

महिला कलाकारों ने 100 मधुबनी पेंटिंग में पूरी रामायण चित्रित की

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) बिहार के मिथिला क्षेत्र के लोगों की मान्यता है कि राजा जनक ने अपनी बेटी सीता के भगवान राम के साथ विवाह का जश्न मनाने के लिए राज्य के कलाकारों और नागरिकों से दीवारों पर तस्वीरें बनाने के लिए कहा था।

मधुबनी कला केंद्र की संस्थापक मनीषा झा ने कहा, ‘‘ वर और वधू के विवाह की तस्वीरें चटक रंगों से बनाने की परंपरा से मथिला कला का जन्म हुआ जिसे मधुबनी पेंटिंग भी कहते हैं।’’

हिंदू महाकाव्य रामायण की कहानियों और घटनाओं को दर्शाने वाली ऐसी करीब 100 पेंटिंग यहां ललित कला अकादमी की एक प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गई हैं।

मधुबनी कला केंद्र और अकादमी द्वारा आयोजित प्रदर्शनी ‘मिथिला रामायण’ में बिहार की अनुभवी और युवा महिला कलाकारों की कला को प्रदर्शित किया गया है और इसे मूर्त रूप देने में झा को 20 साल का समय लगा।

झा ने ‘पीटीआई-भाषा’से कहा, ‘‘बिहार में प्रत्येक दुल्हन सीता है और प्रत्येक दूल्हा राम। हमारे गानों में हम अपनी बेटी को सीता कहकर पुकारते हैं। प्रदर्शनी लोगों के मानस में सीता और राम की पूरी अवधारणा को दर्शाती है। यह एक संस्कृति का और उस संस्कृति में रामायण को आत्मसात किये जाने का गहन दस्तावेजीकरण है।’’

इस प्रदर्शनी में सीता-राम का विवाह, राम और सीता का वनवास, रावण द्वारा सीता का हरण, सीता को बंधक बनाने जैसी रामायण की सामान्य कहानियों के साथ-साथ चटक रंगों वाली पेंटिंग में मिथिला क्षेत्र के विवाह से जुड़े रस्मो-रिवाज और उत्सवों को भी प्रदर्शित किया गया है।

इस प्रदर्शनी को 37 महिला कलाकारों ने मूर्त रूप दिया है जिनमें प्रख्यात कलाकार जगदम्बा देवी, सीता देवी, गोदावरी दत्ता, दुलारी देवी, बउआ देवी और बिमला दत्ता से लेकर युवा कलाकार जैसे नूतन बाला, अर्चना कुमारी, अंजू देवी और सिम्मी ऋषि शामिल हैं।

झा ने कहा, ‘‘ये पेंटिंग महिलाओं की यात्रा हैं, जिसे महिलाओं ने संरक्षित किया है और जिसे वे जीती हैं। यह पारंपरिक कला रूपों को संरक्षित करने और बढ़ावा देने में महिला कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालता है, साथ ही रचनात्मकता और नवीनता की सीमाओं को भी आगे बढ़ाता है।’’

यह प्रदर्शनी 12 अप्रैल तक चलेगी।

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments