नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में एक महिला ने 22 वर्षीय झोलाछाप डॉक्टर की शादी की बात पता चलने पर कथित तौर पर उसके गुप्तांग को बुरी तरह से चोटिल किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि महिला ने हमले से पहले व्यक्ति को कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिया था। घायल व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के निवासी विसरजीत के रूप में हुई है। वह वजीराबाद की रहने वाली आरोपी अमीना खातून के साथ पिछले दो वर्षों से रिश्ते में था।
पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी को हिंदू राव अस्पताल से एक घायल व्यक्ति के भर्ती होने की सूचना मिली थी। पुलिस अस्पताल पहुंची और मेडिको-लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) प्राप्त करने के बाद पीड़ित का बयान दर्ज किया।
अपने बयान में पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह 24 फरवरी को दिल्ली आया था और अमीना के साथ रह रहा था। उसने दावा किया कि दोनों एक-दूसरे को पिछले दो साल से जानते थे।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि रात में महिला ने उसे दिए गए दूध में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। देर रात करीब 2:30 बजे जब वह अर्ध-चेतन अवस्था में था, तब महिला ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके गुप्तांगों में गंभीर चोटें आईं। महिला को पता चला था कि वह शादीशुदा है और उसने महिला से झूठ बोला था।
पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति किसी तरह खुद हिंदू राव अस्पताल पहुंचा, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उसकी सर्जरी की गई।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित के बयान और चिकित्सीय साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कहा कि मूल रूप से बिहार के कटिहार की रहने वाली आरोपी महिला को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
