कौशांबी (उप्र) आठ अप्रैल (भाषा) केंद्रीय संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को कहा कि जब कोई व्यक्ति सामाजिक रूप से श्रेष्ठ बनता है तो वह राष्ट्र को भी श्रेष्ठ बनाता है।
मेघवाल ने शनिवार को सिराथू तहसील के फसैया मैदान में कौशांबी महोत्सव के तहत आयोजित ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह’ में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विवाह से पहले व्यक्ति एक इकाई के रूप में होता है और विवाह होने के बाद वह परिवार हो जाता है।
मंत्री ने कहा, ”जैसे ही परिवार बढ़ता है, इकाई और बड़ी हो जाती है जिसे हम समाज कहते हैं और जब व्यक्ति सामाजिक रूप से श्रेष्ठ बनता है तो वह राष्ट्र को भी श्रेष्ठ बनाता है।”
उन्होंने कहा कि यदि परिवार श्रेष्ठ बनेगा तो समाज श्रेष्ठ बनेगा और समाज श्रेष्ठ बनेगा तो देश श्रेष्ठ बनेगा। मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वीरांगना दुर्गा भाभी स्थल में पांच करोड़ की लागत से एक संग्रहालय बनाया जाएगा।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पांच मुस्लिम जोड़ों के निकाह सहित 551 जोड़ों का विवाह हुआ।
केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने इस मौके पर कहा कि कौशांबी का उल्लेख वेदों एवं उपनिषदों में किया गया है और वह यहां आकर गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।
भाषा सं आनन्द सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.