कोलकाता, पांच मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बृहस्पतिवार शाम नयी दिल्ली में अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
सत्रह नवंबर, 2022 को बंगाल के राज्यपाल नियुक्त किए गए बोस ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हां, मैंने इस्तीफा दे दिया है। मैं साढ़े तीन साल तक बंगाल का राज्यपाल रहा हूं; मेरे लिए इतना ही काफी है।’’
उन्होंने हालांकि अचानक इस्तीफा देने के कारणों का खुलासा नहीं किया और न ही यह बताया कि क्या कोई राजनीतिक दबाव था जिसके कारण उन्होंने यह निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुष्टि की कि बोस के इस्तीफा देने के बाद तमिलनाडु के राज्यपाल एवं पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) आर एन रवि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सभालेंगे।
बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘‘मुझे केंद्रीय गृह मंत्री (अमित शाह) से पता चला है कि आरएन रवि बंगाल के राज्यपाल के रूप में सीवी आनंद बोस का स्थान लेंगे।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
