scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशपश्चिम बंगाल : हावड़ा में डोल जात्रा पर अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत, तीन घायल

पश्चिम बंगाल : हावड़ा में डोल जात्रा पर अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत, तीन घायल

Text Size:

हावड़ा (पश्चिम बंगाल), आठ मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में डोल जात्रा पर अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसों के शिकार हुए सभी लोग मोटरसाइकिलों पर सवार थे। मंगलवार को पश्चिम बंगाल में रंगों का त्योहार डोल जात्रा मनाया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि उलुबेरिया थाना क्षेत्र के जोयरामपुर में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग उस समय लैंपपोस्ट से टकरा गए, जब वे गरचुमुक से कुलगछिया जा रहे थे। स्थानीय लोग उन्हें शरत चंद्र चट्टोपाध्याय सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि एक घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए बाद में एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। सभी पीड़ितों की उम्र 20 साल के आसपास थी।

उन्होंने बताया कि उलुबेरिया के कैजुरी में हुई एक दुर्घटना में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि अमता थाना क्षेत्र के चखाना में दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। इनमें से एक मोटरसाइकिल रानीहाटी रोड की गलत लेन में घुस गई, जिससे यह हादसा हुआ। सभी पीड़ितों की उम्र 20 साल के आसपास थी।

उन्होंने बताया कि हावड़ा शहर के सलकिया में इस तरह की एक अन्य दुर्घटना में दो और लोगों की मौत हो गई। उनमें से एक की उम्र 25 साल थी, जबकि दूसरे की उम्र 28 साल थी।

भाषा जितेंद्र वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments